जींद : बढ़ती महंगाई को लेकर माकपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : बढ़ती महंगाई को लेकर माकपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन


जींद, 23 जून (हि.स.)। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय कमेटी माकपा के आह्वान पर माकपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बढ़ती महंगाई, पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, बेरोजगारी के विरोध में लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने सरकार के भ्रष्टाचार, संवैधानिक संस्थाओं पर हमलों, अमेरीका के साथ किए गए समझौतों, बिजली के निजीकरण, लेबर कोड तथा वीबी ग्राम जी जैसी जनविरोधी नीतियों को लेकर रोष जताया। प्रदर्शन से पहले लघु सचिवालय में धरने की अध्यक्षता इंद्र सिंह ने की जबकि संचालन माकपा जींद लोकल कमेटी के सचिव संदीप जाजवान ने किया।

धरने को संबोधित करते हुए माकपा जिला सचिव कपूर सिंह, रमेश चंद्र ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में कमी आने के बजाय लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार घट रही हैं। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में कच्चे तेल की कीमत लगभग 126 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब घटकर लगभग 79 डॉलर प्रति बैरल रह गई है लेकिन इसका लाभ देश की जनता को नहीं मिल रहा है।

इससे स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। आज प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई की घटनाएं बढ़ रही हैं। महिलाओं के प्रति अपराधों में वृद्धि हुई है। पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट और कुकर्म की घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना का माकपा पुरजोर विरोध करेगी तथा जनता को संगठित करके जींद में स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे। इस मोके पर वेद प्रकाश, आशा रानी, सुशीला, नूतन प्रकाश, राजकुमार श्योकंद, पवन कुमार, राजकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story