हरियाणा में स्कूलों में बनेगी स्मार्ट क्लास, एआई आधारित शिक्षा, डिजिटल लाइब्रेरी पर फोकस

WhatsApp Channel Join Now

- एनएसक्यूएफ टीम के मास्टर प्लान को मुख्यमंत्री ने सराहा

- 719 सरकारी स्कूलों का होगा कायाकल्प

चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के राजकीय स्कूलों को हाईटैक बनाने का एक्शन प्लान तैयार किया है। स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम से लेकर डिजिटल लाइब्रेरी और एआई आधारित शिक्षा पर फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा शिक्षा विभाग को 719 उत्कृष्ट विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का लक्ष्य दिया गया। पहले चरण में 150 राजकीय विद्यालयों को चिहिन्त किया गया है, जहां पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए भवन तैयार किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एनएसक्यूएफ टीम द्वारा स्कूलों की तस्वीर बदलने को लेकर तैयार किए गए एक्शन प्लान की सराहना की। मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग की ओर से स्टेट प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर को इस एक्शन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने का जिम्मा सौंपा गया। संबंधित अधिकारियों से लैब स्टेटस रिपोर्ट, 50 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की इन्क्यूबेशन रिपोर्ट, इंडस्ट्री लायजनिंग रिपोर्ट तथा उपकरणों की उपलब्धता रिपोर्ट मांगी गई है।

प्रदेश के 719 विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं, एआई आधारित शिक्षा, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, डिजिटल लाइब्रेरी और बेहतर खेल सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षण के साथ आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास से जोडऩे का प्रयास होगा। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के निर्देशों के बाद वरिष्ठ अधिकारी तथा एनएसक्यूएफ की राज्य स्तरीय टीम विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करेगी। सरकार का लक्ष्य 719 उत्कृष्ट विद्यालयों को मजबूत आधारभूत सुविधाओं से लैस करने के साथ-साथ 150 विद्यालयों के नए भवन विकसित कर हरियाणा की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story