करनाल-फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी की अधूरी परियोजनाएं 2027 तक होंगी पूरी
चंडीगढ़, 14 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने करनाल और फरीदाबाद स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को नई गति देते हुए उनकी अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दी है। फरीदाबाद में 916.83 करोड़ रुपये की 46 परियोजनाओं में से 32 और करनाल में करीब 930 करोड़ रुपये की 122 परियोजनाओं में से 86 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य शेष परियोजनाओं को तय समय में पूरा कर आधुनिक शहरी सुविधाओं को मजबूत करना है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त संचालन समिति की बैठक में स्मार्ट सिटी अवधि को बढ़ाने का फैसला लिया गया।
बैठक में करनाल और फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि यह विस्तार केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप दिया गया है, ताकि पूर्णता के निकट पहुंच चुकी शेष परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके और नागरिकों को आधुनिक शहरी आधारभूत सुविधाओं का लाभ निरंतर मिलता रहे। मुख्य सचिव ने करनाल और फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत क्रियान्वित परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए दोनों शहरों में चल रहे विकास कार्यों की गति की सराहना की।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने बताया कि फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 916.83 करोड़ रुपये की लागत से कुल 46 परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें से 32 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इसी प्रकार करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 930 करोड़ रुपये की लागत से 122 परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें से 86 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पूरी हो चुकी कई परियोजनाओं को संचालन एवं रखरखाव के लिए संबंधित विभागों को हस्तांतरित भी किया जा चुका है। फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 23 परियोजनाएं तथा करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 83 परियोजनाएं संबंधित एजेंसियों को सौंपी जा चुकी हैं। प्रत्येक शहर को केन्द्र सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा 50:50 अनुपात में संयुक्त रूप से कुल 980 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

