यमुनानगर में स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, पहले भी दर्ज हैं केस

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, पहले भी दर्ज हैं केस


यमुनानगर, 29 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने जगाधरी के पास कार्रवाई करते हुए 110 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।

सेल प्रभारी अनिल कुमार ने मंगलवार काे बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि दुर्गा गार्डन के आसपास एक युवक नशीला पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ महावीर बिश्नोई की मौजूदगी में की गई। पुलिस के मुताबिक, युवक के पास से 110 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान जगाधरी निवासी राकेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। अदालत से रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की यह खेप उसे कहां से मिली और वह इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाला था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी के पहले से कई मामले दर्ज हैं, जो अदालत में विचाराधीन हैं। जांच के दौरान पुराने मामलों और मौजूदा बरामदगी के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story