यमुनानगर:दस लाख की हेरोइन के साथ बाइक सवार गिरफ्तार
यमुनानगर, 03 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाइक सवार युवक को 272 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अपराध शाखा-1 के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिमी यमुना पुल, कांजनू क्षेत्र से एक युवक बाइक पर भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर मौके पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को रोककर नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 272 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अक्षय के रूप में हुई है ।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसकी सुनवाई न्यायालय में चल रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

