यमुनानगर में यूपी से स्मैक की खेप लाते युवक को दबोचा, 150 ग्राम बरामद

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में यूपी से स्मैक की खेप लाते युवक को दबोचा, 150 ग्राम बरामद


यमुनानगर, 28 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हथिनीकुंड बैराज के पास 150 ग्राम स्मैक बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर से पैदल नशीला पदार्थ लेकर हरियाणा में प्रवेश करने वाला था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया।

सेल प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि हथिनीकुंड बैराज के आसपास एक युवक नशीले पदार्थ की खेप लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर एक टीम गठित की गई। पुलिस ने बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू कर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ महावीर सिंह की मौजूदगी में की गई। पुलिस के अनुसार, युवक के कब्जे से 150 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान दुर्गा गार्डन निवासी अंकुश के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। अदालत से रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान नशे की खेप के स्रोत और संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story