यमुनानगर में हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार


यमुनानगर, 02 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 105 ग्राम स्मैक बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने रविवार काे बताया कि पहली कार्रवाई मंडोली मोड़, पंचकूला-सहारनपुर हाईवे पर की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी रजत कुमार के रूप में हुई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर रिमांड पर लिया गया है।

दूसरी कार्रवाई कलानौर बॉर्डर पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर उत्तर प्रदेश से नशीला पदार्थ लेकर जिले में प्रवेश करने वाले हैं। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 30-30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान बुढ़िया दयालगढ़ निवासी श्रवण कुमार और रूखसार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी श्रवण कुमार की मोटरसाइकिल पर उत्तर प्रदेश से हेरोइन लेकर आ रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मादक पदार्थ जिले में सप्लाई किया जाना था। पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि नशे की खेप कहां से लाई गई, किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story