कैथल: लिंक क्लिक करते ही ज्वेलर के खाते से निकले रुपये

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। गांव भागल निवासी एक ज्वेलर साइबर ठगी का शिकार हो गया। आरोपी ने खुद को कस्टमर केयर सर्विस एजेंट बताकर उसे मोबाइल पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही ज्वेलर के बैंक खाते से दो बार में कुल एक लाख सात हजार रुपये कट गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव भागल निवासी सुशील कुमार ने शुक्रवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी चीका में ज्वेलरी की दुकान है। उसका एक निजी बैंक में खाता है, जिसमें मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है। कुछ दिन पहले उसके मोबाइल की स्क्रीन टूट गई थी। उसने मोबाइल को रिपेयर करवाने के लिए कंपनी के कस्टमर केयर सेंटर में दिया था। 14 अक्टूबर को उसने गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया और उस पर फोन किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर सेंटर का कर्मचारी बताया। सुशील ने उसे मोबाइल रिपेयर करवाने के लिए दिए जाने और अभी तक वापस नहीं मिलने की जानकारी दी।

10 रुपये भेजने के बहाने खाते से निकाले रुपये

शिकायत के अनुसार, बातचीत के बाद आरोपी ने सुशील के मोबाइल पर टेक्स्ट मैसेज के जरिए एक लिंक भेजा। आरोपी ने उससे लिंक पर क्लिक कर 10 रुपये भेजने के लिए कहा। जैसे ही सुशील ने लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से पहले 12 हजार रुपये और फिर 95 हजार रुपये कट गए। खाते से कुल एक लाख सात हजार रुपये निकलने के बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद उसने साइबर थाना में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की। साइबर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765487 Articles

Share this story