यमुनानगर: घने कोहरे के चलते दिन में भी वाहन रेंगने पर मजबूर

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: घने कोहरे के चलते दिन में भी वाहन रेंगने पर मजबूर


यमुनानगर, 10 जनवरी (हि.स.)। बढ़ती सर्दी और कोहरे से मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है। कभी-कभी धूप खिलने के बाद तेजी से घना कोहरा गिरना भी जारी है। जिसमें सड़क पर दृश्यता 20 मीटर से भी कम है। सड़कों पर वाहन भी रेंग-रेंग कर चलने पर मजबूर हैं।

गुरुवार रात से ही गहरा कोहरा पड़ना शुरू हुआ और शुक्रवार को भी यमुनानगर-जगाधरी में घना कोहरा छाया रहा। सड़क पर वाहन लाइटें जलाकर अपना सफर करने पर मजबूर दिखाई दिए। आम जीवन पर इसका असर देखने को मिल रहा है। लोग भी ठंड और घने कोहरे के चलते सड़कों के किनारे आग सेकते नजर आए। शुक्रवार को यातायात थाना प्रभारी कुशल पाल राणा ने बताया कि सभी चौराहों पर घने कोहरे में पुलिसकर्मी आमजन को धीमी गति से वाहन चलाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इस मौसम में जरूरी हो तभी घर से निकलें। अपने वाहनों की लाइट जलाकर अपना सफर धीमी गति से वाहन चलाकर करें। उन्होंने बताया कि आरटीए विभाग और यातायात पुलिस विभाग की ओर से एक जनवरी से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान निरंतर एक माह तक चलाया जा रहा है। ताकि आमजन को अधिक से अधिक सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जानकारी दी जा सके। वहीं वाणिज्य वाहन चालकों से भी अपील की जा रही है कि वह अपने वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगवाएं और अपना वाहन धीमी गति से चलाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

Share this story