जींद : रंग फैक्टरी में आग से झुलसी एक और महिला ने तोड़ा दम, मरने वाली महिलाओं की संख्या हुई 11

WhatsApp Channel Join Now
जींद : रंग फैक्टरी में आग से झुलसी एक और महिला ने तोड़ा दम, मरने वाली महिलाओं की संख्या हुई 11


जींद, 16 मार्च (हि.स.)। सफीदों स्थित गीता कालोनी में रंग फैक्टरी में आग लगने से झुलसी एक और महिला मजदूर की पीजीआईएमएस रोहतक में सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके साथ मरने वाली महिला मजदूरों की संख्या 11 हो गई है। छह अन्य मजदूर अभी भी विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। पुलिस इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच एएसपी सोनाक्षी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है।

गत सात मार्च को सफीदों की गीता कालोनी में अवैध रूप से चल रही रंग गुलाल की फैक्टरी में लगी आग में झुलसी शिव कालोनी निवासी कश्मीरी देवी (39) की सोमवार को पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके साथ मरने वाली महिला मजदूरों का आंकड़ा 11 पर जा पहुंचा है। आगजनी की घटना के दौरान फैक्टरी में 22 मजदूर थे। जिसमें 17 महिला तथा पांच पुरूष थे। चार महिला मजदूर छत से कूद कर बच निकली थी। 13 महिलाएं तथा पांच पुरूष आग में झुलस गए थे।

शहर थाना सफीदों प्रभारी पूर्णदास ने बताया कि पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन एक और महिला की मौत हो गई। झुलसी महिलाओं में से अब 11 महिलाओं की मौत हो चुकी है। जबकि छह मजदूर अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story