मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज की हड़ताल का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाया

WhatsApp Channel Join Now
मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज की हड़ताल का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाया


नूंह, 07 नवंबर (हि.स.)। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में पिछले 38 दिनों से चल रहे आंदोलन का मुद्दा अब मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर कॉलेज के आंदोलनरत शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मांगों को उनके सामने रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने और सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।

विधायक आफताब अहमद ने मुख्यमंत्री को बताया कि कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। वहीं, विद्यार्थियों को भी बुनियादी सुविधाओं और पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर नियमित रूप से वेतन मिल सके। आफताब अहमद के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस मामले का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है।

विधायक ने मुख्यमंत्री के सामने छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें कॉलेज कर्मचारियों को हर महीने नियमित वेतन देने, वर्ष 2018 से बंद महंगाई भत्ते (डीए) को एरियर सहित तत्काल जारी करने और पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग शामिल है। उन्होंने हाल ही में हटाए गए गेस्ट और कांट्रैक्चुअल शिक्षकों को भी जल्द वापस लेने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि कॉलेज कर्मचारियों को अभी तक छठे वेतन आयोग के अनुसार वेतन दिया जा रहा है, जबकि उन्हें हरियाणा वक्फ बोर्ड के कर्मचारियों की तर्ज पर सातवें वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। कॉलेज में कार्यरत शिक्षकों को पिछले करीब 15 वर्षों से पदोन्नति और वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिलने की समस्या को भी उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने उठाया। साथ ही कॉलेज भवन और छात्रावास की मरम्मत करवाकर उनका बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की।

गौरतलब है कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र पिछले 38 दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। वहीं, पिछले आठ दिनों से दो छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। ऐसे में विधायक की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के बाद कॉलेज के आंदोलन का समाधान निकलने की उम्मीद जगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773798 Articles

Share this story