राेहतक: मुस्कान की मौत मामले में छह घंटे चली पंचायत में न्याय के लिए 10 दिन का मिला समय

WhatsApp Channel Join Now

-सुसराल पक्ष की पंचायत पहुंची मृतका के मायके के गांव फरमाना

-विवाहिता के पिता सुखबीर बोले, बेटी के साथ गलत हुआ, न्याय चाहिए

-कथित दहेज हत्या केस में शीलू समेत परिवार के तीन सदस्य हिरासत में

-शीलू को हल्का बुखार, मां की भी तबीयत बिगड़ी

रोहतक, 02 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की आत्महत्या के मामले में शनिवार देर रात मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के दोनों गांवों की पंचायत आमने-सामने बैठी। गांव बहु अकबरपुर से पंचायत के लोग मुस्कान के मायके के गांव फरमाना पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच करीब छह घंटे तक पंचायत चली। पंचायत में मुस्कान की मौत के मामले को लेकर लंबी बातचीत हुई और मामले के समाधान तथा आगे की कार्रवाई को लेकर दोनों गांवों की पंचायत ने 10 दिन का समय तय किया है।

मुस्कान के पिता सुखबीर ने पंचायत के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनकी बेटी के साथ गलत हुआ है और उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटी की मौत को लेकर परिवार के सामने कई सवाल हैं, जिनके जवाब मिलना जरूरी है। मायका पक्ष ने मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग दोहराई। मुस्कान के संस्कार के बाद पुलिस ने उसके पति अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा समेत परिवार के तीन सदस्यों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान के आधार पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया हुआ है। बताया जा रहा है कि हिरासत के दौरान शीलू बल्हारा को हल्का बुखार हो गया, जबकि उसकी मां की भी तबीयत बिगड़ गई। बहुअकबर पुर थाना प्रभारी जसबीर का कहना है कि अभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, तथ्य सामने आने पर गिरफ्तारी की जाएगी।

दोनों गांवों में चर्चा का विषय बनी मुस्कान की मौत

मुस्कान की मौत के बाद से ही गांव बहु अकबरपुर और फरमाना में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। मायका पक्ष जहां अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग कर रहा है, वहीं ससुराल पक्ष में भी मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। दोनों गांवों की पंचायत के बीच हुई करीब छह घंटे की बैठक में बहुअकबर पुर की पंचायत ने 10 दिन का समय मांगा है।

कबड्डी के मैदान में शीलू ने कमाया था बड़ा नाम

शीलू बल्हारा अंतरराष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं, खेल के मैदान में उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर खूब नाम कमाया। बताया जाता है कि कबड्डी में शानदार प्रदर्शन के दौरान उन्होंने 30 से अधिक ट्रैक्टर और 60 से अधिक मोटरसाइकिलें पुरस्कार के रूप में जीती हैं। खेल जगत में पहचान रखने वाले शीलू का नाम अब पत्नी मुस्कान की मौत के मामले के चलते चर्चा में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story