सिरसा: छह नशा तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन व प्रतिबंधित गोलियां बरामद

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: छह नशा तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन व प्रतिबंधित गोलियां बरामद


सिरसा, 05 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से छह नशा तस्करों को गिरफ्तार कर हेरोइन व प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी सुखविंद्र सिंह, हरजिंद्र सिंह, गुरदीप सिंह, राजेश कुमार, रजत व संदीप के रूप में हुई है। सीआईए कालांवाली प्रभारी ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान गांव गदराना क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया।

पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सुखविंद्र सिंह के रूप में हुई। इसी प्रकार पुलिस ने मंडी कालांवाली क्षेत्र से बाइक सवार हरजिंद्र सिंह व गुरदीप सिंह को भी छह ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एएनसी स्टाफ डबवाली ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार व रजत को नौ ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित संदीप को गिरफ्तार किया है। ओढां थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार सवार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार से सैकड़ों प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story