सोनीपत: टोल पर दो लेन बंद, आधे घंटे तक फंसी रही छह बसें तो यात्री भड़के
सोनीपत, 13 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 स्थित भिगान टोल प्लाजा पर शनिवार की रात टोल कर्मियों
और वाहन चालकों के बीच विवाद के बाद वाहनों की लंबी कतार लग गई। लेन नंबर एक और दो
बंद होने से चक्का जाम जैसे हालात बन गए। दिल्ली, गुरुग्राम और सोनीपत की ओर जाने वाली
हरियाणा रोडवेज की छह यात्री बसें करीब आधे घंटे तक टोल पर फंसी रही। इससे यात्रियों
को काफी परेशानी हुई।
जानकारी
के अनुसार, पानीपत से दिल्ली की ओर जा रहे एक कैंटर का लेन नंबर दो में लगे स्कैनर
से फास्टैग के जरिए टोल नहीं कट पाया। इस पर टोल कर्मियों ने कैंटर को रोक लिया। इसी
दौरान लेन नंबर एक पर हरियाणा रोडवेज की चालक प्रशिक्षण बस भी रोक दी गई। दोनों लेन
बंद होने से पीछे आ रहे वाहनों की कतार बढ़ती चली गई।
जाम
के कारण परेशान यात्रियों और टोल कर्मियों के बीच बहसबाजी हो गई। यात्रियों का आरोप
था कि टोल कर्मियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। यात्रियों ने कहा कि तकनीकी
खामियों और व्यवस्था में कमी के कारण टोल पर अक्सर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
इससे रोजाना आने-जाने वाले लोग परेशान हैं। हालात बिगड़ते देख यात्रियों ने डायल-112
पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति संभालने का प्रयास किया
गया।
भिगान
टोल पर जाम को लेकर करीब सात महीने पहले तत्कालीन एडीसी लक्षित सरीन की अध्यक्षता में
हुई बैठक में भी मामला उठा था। प्रशासन ने टोल प्रबंधन को निर्देश दिए थे कि वाहनों
की लंबी कतार नहीं लगनी चाहिए और यातायात सुचारू रहना चाहिए। आला अधिकारियों ने कहा
था कि लापरवाही मिलने पर टोल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। इसके बावजूद
टोल पर वाहनों के फंसने की समस्या बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

