जींद : बहनों को रक्षा बंधन पर्व पर बसों में मुफ्त यात्रा करवाने के लिए रोडवेज विभाग तैयार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : बहनों को रक्षा बंधन पर्व पर बसों में मुफ्त यात्रा करवाने के लिए रोडवेज विभाग तैयार


जींद, 26 अगस्त (हि.स.)। महिलाएं और 15 वर्ष तक की आयु वाले बच्चे रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज साधारण बसों में मुफ्त में सफर कर सकें, इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 27 अगस्त गुरूवार को दोपहर 12 बजे के बाद से लेकर 28 अगस्त को रात 12 बजे तक महिलाओं व उनके बच्चों के लिए यह सुविधा रहेगी। इसके लिए मुख्यालय से प्रदेश के सभी रोडवेज महाप्रबंधक को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि इस दौरान महिलाओं व बच्चों सहित अन्य यात्रियों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन किया जाए।

बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में वर्दी में स्टाफ को तैनात रहने के भी निर्देश दिए गए हैं। यह कर्मचारी विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की यात्रा से संबंधित जानकारी देंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी परिवहन विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय करने को कहा है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से बस स्टैंड परिसर में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी, जो भीड़ में चोरी करने वाले शराती तत्वों पर नजर बनाए रखेंगे।

गौरतलब है कि जींद डिपो में रोडवेज बसों की संख्या 165 है। इसमें से किलोमीटर स्कीम की 37 बस शामिल हैं। किलोमीटर स्कीम की बस पर चालक परिवहन समिति का आपरेटर होता है और परिचालक रोडवेज कर्मचारी होता है। वहीं डिपो में 10 एसी बस हैं। दिनभर में जींद डिपो की बसों में हर रोज 15 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं, जिससे डिपो को 10 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। रक्षा बंधन पर महिलाओं के लिए निशुल्क सफर यात्रा होने से उन्हें काफी सुविधा होगी।

जींद डिपो के डीआई विजय कुंडू ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी रक्षा बंधन पर्व पर महिलाओं की सुविधा के लिए परिवहन विभाग ने निशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी। इस दौरान महिलाओं के साथ उनके 15 साल तक के बच्चे भी सफर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से लेकर 28 अगस्त को रात 12 बजे तक रहेगी। रक्षा बंधन पर महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story