सिरसा में मजदूर की हत्या, साथी ने ईंट से किया हमला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा में मजदूर की हत्या, साथी ने ईंट से किया हमला


सिरसा, 30 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले के रोड़ी क्षेत्र में एक टाइल फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर की उसके ही साथी ने कथित रूप से ईंट से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फरूखाबाद निवासी देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। देवेंद्र पिछले काफी समय से सुरतिया रोड स्थित एक टाइल फैक्ट्री में मजदूरी करता था। वहीं गांव सुरतिया निवासी रवि भी इसी फैक्ट्री में मजदूरी करता है। आराेप है कि मंगलवार को दोनों ने पहले शराब पी। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोपी रवि ने ईंटों से देवेंद्र के सिर पर कई वार किए जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद रवि अपने घर पहुंचा और इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने फैक्ट्री मालिक को घटना से अवगत करवाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देवेंद्र का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया।

रोड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि देवेंद्र कुमार और रवि दोनों टाइल फैक्ट्री में काम करते थे। रात को दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और रवि ने देवेंद्र के सिर पर ईंट से हमला बोला जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story