सिरसा: बजट में सिरसा को बड़ी सौगात

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में सिरसा के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की है। उन्होंने सिरसा में जूस प्रसंस्करण संयंत्र (जूस प्रोसेसिंग प्लांट) लगाने की घोषणा की है, जोकि बेगू रोड स्थित वीटा मिल्क प्लांट में स्थापित किया जाएगा। इस प्लांट पर करोड़ रूपये खर्च होंगे। यह प्लांट पीपीपी मोड़ पर स्थापित किया जाएगा जिसमें 10 हजार मीट्रिक टन किन्नू और 12 हजार मीट्रिक टन अन्य फलों के जूस निकाले जाएंगे। यह प्लांट 2026-27 में कार्य शुरू कर देगा। इसके लिए 3 एकड़ जगह मिल्क प्लांट में चिह्नित की गई है। उन्होंने दोहराया कि इस प्लांट का प्रावधान उनकी ओर से पिछले बजट में किया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह ने बजट को ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं जनभावनाओं के अनुरूप बताते हुए कहा है कि यह बजट हरियाणा को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र को पूर्ण रूप से साकार करता है। यह बजट किसान, मजदूर, युवा, महिला, उद्यमी और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं पशुपालन को मजबूती देने हेतु गन्ना किसानों को प्रति एकड़ 5,000 की प्रोत्साहन राशि, मधुमक्खी पालन को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल करना, आधुनिक डेयरी फार्मों की स्थापना, नए पशु अस्पताल एवं पशु चिकित्सालय खोलने की घोषणाएं, यह सिद्ध करती हैं कि भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प पर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

हरियाणा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद स्वामी ने बजट में सिरसा वासियों के लिए घोषित बड़ी सौगात का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में घोषणा की है कि बेगू रोड स्थित मिल्क प्लांट परिसर में तीन एकड़ भूमि पर एक विशाल किन्नू जूस प्लांट स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा सिरसा की पहचान कृषि आधारित उद्योग के रूप में और मजबूत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story