यमुनानगर:भजन कार्यक्रम में गायक कन्हैया मित्तल की टिप्पणियों से विवाद, बयान पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 07 अप्रैल (हि.स.) जिले में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भजन गायक कन्हैया मित्तल द्वारा दिए गए कुछ बयानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के दौरान की गई उनकी टिप्पणियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं। यमुनानगर के तेजली रोड स्थित एक धार्मिक आयोजन में सोमवार देर रात श्री बालाजी संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें कन्हैया मित्तल भजन प्रस्तुति के लिए आमंत्रित थे। भजन के बीच में उन्होंने श्रोताओं को संबोधित करते हुए कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान गायक ने धार्मिक आस्थाओं, सामाजिक विषयों और देश से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त की। उनके कुछ वक्तव्यों को लेकर लोगों के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने अपने संबोधन में सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध घुसपैठ, सामाजिक सुरक्षा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। साथ ही धार्मिक आस्थाओं के संदर्भ में भी उन्होंने अपने विचार रखे, जिन्हें लेकर विभिन्न वर्गों में चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि कार्यक्रम से जुड़े आयोजकों का कहना है कि प्रस्तुति के दौरान कही गई बातें किसी प्रकार के विवाद को जन्म देने के उद्देश्य से नहीं थीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के दृष्टिकोण से रखी गई थी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम देर रात तक शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया।

इस बीच, गायक की टिप्पणियों को लेकर सोशल और सार्वजनिक स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत विचार बता रहे हैं, जबकि अधिकतर ने इस प्रकार के मंचों पर संयमित भाषा के उपयोग की आवश्यकता जताई है। प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल पूरा प्रकरण जनचर्चा का विषय बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story