स्वीडन में बसे सिखों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now

-मुख्यमंत्री के स्वीडन आगमन पर किया गया स्वागत

-निवेश, रोजगार और युवा सशक्तिकरण पर हुई चर्चा

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर (हि.स.)। स्वीडन में बसे सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया हाउस में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री के स्वीडन आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मुख्यमंत्री से मिलकर बेहद खुश नजर आए। दोनों पक्षों के बीच कई अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। चर्चा में हरियाणा में निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंजाब के युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष फोकस रहा।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि हरियाणा निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पंजाब के युवाओं को मजबूत बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा की। प्रतिनिधियों ने जोर देते हुए कहा कि पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विकास और रोजगार की दिशा में मिलकर आगे बढऩे की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के इस दौरे को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री का स्वीडन आना तथा निवेश और रोजगार के क्षेत्र में कार्य करना देश और समाज के लिए एक सकारात्मक पहल है। यह प्रयास न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए लाभकारी साबित होगा। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। दोनों पक्षों ने भविष्य में सहयोग बढ़ाने और आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762182 Articles

Share this story