नूंह में भक्ति, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
नूंह, 04 सितंबर (हि.स.)। प्राचीन शिव मंदिर स्थल नगीना सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों, शंखनाद और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन किए।
प्राचीन शिव मंदिर अस्थल कमेटी के प्रधान किशन चंद गुप्ता और सर्वजातीय सेवा समिति के उपाध्यक्ष रजत जैन ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में आकर्षक धार्मिक एवं सामाजिक झांकियां सजाई गईं। झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सकारात्मक सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया गया। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर में स्थापित शिवलिंग का भगवान भोलेनाथ के अमरनाथ स्थित बर्फानी बाबा स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। इसके अलावा मंदिर परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर, श्री भैरवनाथ मंदिर, चरण छत्री और पक्षी चुग्गा स्थल को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया।
नगीना के माता दुर्गा मंदिर पथवारी, श्री शीतला माता मंदिर, श्री शिव मंदिर बगीची, श्री हनुमान मंदिर गोहरवाली चौक और श्री शिव मंदिर सैनी मोहल्ला सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी विशेष सजावट की गई। मंदिर परिसर विद्युत लड़ियों, रंग-बिरंगे फूलों तथा पारंपरिक सजावटी सामग्री से सजाए गए। मंदिर के पुजारी पंडित बाबूराम शर्मा के सानिध्य में भगवान श्रीकृष्ण, शिव-पार्वती, श्रीराम, माता लक्ष्मी और माता सरस्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की कामना को लेकर भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ। वहीं, श्री शिव मंदिर सैनी मोहल्ला में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया गया। जन्माष्टमी को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चे श्रीकृष्ण और राधा रानी की वेशभूषा में मंदिर पहुंचे और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

