यमुनानगर:टायर कारोबारी के शोरूम पर फायरिंग, धमकी भरा पर्चा मिलने से जांच तेज
यमुनानगर, 12 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर की रामपुरा कॉलोनी स्थित एक टायर कारोबारी के बंद शोरूम पर देर रात हमलावरों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद हमलावर मौके पर एक धमकी भरा पर्चा छोड़कर फरार हो गए। रविवार सुबह शोरूम खुलने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार टायर कारोबारी ईशान सभ्रवाल के शोरूम को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने कई राउंड फायर किए। घटनास्थल पर कुलबीर सिद्धू के नाम से एक धमकी भरा पर्चा भी मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा वहां से गोलियों के खोखे और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में वारदात देर रात की प्रतीत होती है। घटना का खुलासा सुबह शोरूम खुलने के बाद हुआ। फिलहाल कारोबारी की ओर से औपचारिक शिकायत मिलने की प्रक्रिया जारी है। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस इस तथ्य की भी गंभीरता से जांच कर रही है कि शोरूम के बाहर मिला पर्चा वास्तव में किसी संगठित आपराधिक या आतंकी नेटवर्क से जुड़ा है अथवा केवल दहशत फैलाने के उद्देश्य से छोड़ा गया है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

