हरियाणा कांग्रेस में 16 ब्लाक अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस भेजे
-निर्देशों की अनदेखी पर नोटिस का तीन दिन में मांगा जवाब
-संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो हटाए जाएंगे
चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस के निर्देशों का पालन नहीं करने पर राज्य के 16 ब्लाक अध्यक्षों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर हाईकमान द्वारा ब्लाक अध्यक्षों की छुट्टी की जा सकती है।
प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा की गई इस कार्रवाई को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की संगठन पर पकड़ मजबूत करने और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि संगठन में पद पर बने रहने के लिए केवल राजनीतिक सक्रियता का दावा पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि सौंपे गए संगठनात्मक काम भी समय पर पूरे करने होंगे।
इससे उन पदाधिकारियों को भी संदेश देने की कोशिश है, जो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। राज्य में कई जिलाध्यक्ष ऐसे हैं, जो कांग्रेस की प्रदेश लीडरशिप की अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं कर रहे हैं, जबकि कई जिला प्रधान बढिय़ा काम कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की ओर से भेजे गए नोटिसों के अनुसार, पहले 10 अक्टूबर तक ब्लाक सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद समय-सीमा बढ़ाकर 24 अक्टूबर की गई। 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के मार्च के दौरान भी सम्मेलन कराने का विकल्प दिया गया, लेकिन संबंधित अध्यक्षों ने निर्देशों का पालन नहीं किया। इसे प्रदेश नेतृत्व ने गंभीर संगठनात्मक लापरवाही माना है।
नोटिस पाने वालों में सोनीपत के पांच, रेवाड़ी के तीन, रोहतक, पलवल और करनाल के दो-दो तथा जींद और कुरुक्षेत्र के एक-एक ब्लाक अध्यक्ष शामिल हैं। हरियाणा कांग्रेस में 190 ब्लाक हैं, जिनमें से 151 में अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। 29 ब्लाक अभी भी अध्यक्षविहीन हैं। ऐसे में 16 अध्यक्षों पर कार्रवाई की तैयारी संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में भी अहम मानी जा रही है। अब तीन दिन के भीतर मिलने वाले जवाब तय करेंगे कि इन पदाधिकारियों को दोबारा काम करने का मौका मिलेगा या संगठन में नई नियुक्तियों का रास्ता खुलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

