सोनीपत न्यूट्रिशन शोरूम पर फायरिंग, पहले मांगी थी फिरौती
सोनीपत, 27 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत के बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर शुक्रवार को तीन बाइक
सवार युवकों ने गोलियां चलाईं। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। बदमाशों ने शोरूम
के अंदर मौजूद युवक को गोली मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर
पहुंचा और जांच शुरू की। पहले इनसे दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
पुलिस के अनुसार तीन युवक बाइक पर सवार होकर शोरूम के बाहर पहुंचे। दो युवक
बाहर खड़े रहे, जबकि एक युवक अंदर घुस गया। अंदर पहुंचकर उसने स्वागत कक्ष पर बैठे
रितेश गर्ग को गोली मारने की धमकी दी। रितेश गर्ग तुरंत कुर्सी छोड़कर पीछे की ओर भाग
गए, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद बदमाश बाहर आया और शोरूम के शीशे पर गोली चला दी।
गोली लगने से शीशा टूट गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए।
मौके से एक खाली खोल बरामद हुआ है। जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने
घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की दृश्य सामग्री
अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी
के लिए विशेष दल गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 27 दिसंबर 2025 को शोरूम संचालक वीरेंद्र पहल से कुख्यात रोहित
गोदारा गिरोह के नाम पर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। आरोप है कि गिरोह से
जुड़े महेंद्र ढीढलाना ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस इस पूरे प्रकरण
को आपसी कड़ी से जोड़कर गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

