हिसार में बिजली कर्मियों की हड़ताल से बिगड़े हालात, दुकानदारों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में बिजली कर्मियों की हड़ताल से बिगड़े हालात, दुकानदारों ने लगाया जाम


विद्युत नगर में बिजली कर्मचारी व अन्य लोग आमने-सामने

हिसार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बिजली निगम के कर्मचारियों और इंजीनियरों

की हड़ताल के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है,

जिससे अधिकांश क्षेत्रों में बत्ती गुल है और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस

हड़ताल का सबसे बुरा असर त्यौहारी सीजन के कारोबार पर पड़ रहा है, जहां पुष्पा कॉम्प्लेक्स

के दुकानदार मोबाइल टॉर्च की रोशनी में काम करने को मजबूर हैं, वहीं, एमसी कॉलोनी में

पिछले चौबीस घंटे से बिजली न होने के कारण दुकानदार अंधेरा होते ही दुकानें बंद कर

रहे हैं तथा ग्राहकों को बिजली आने के बाद ही सामान देने की बात कह रहे हैं।

स्थिति से गुस्साए डाबड़ा चौक और अर्बन एस्टेट के दुकानदारों का कामकाज ठप

होने पर उन्होंने शुक्रवार दाेपहर काे सड़क पर जाम लगा दिया, जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और

बाद में पुलिस के समझाने-बुझाने पर जाम खुला। इसके अलावा, बिजली कट से बुरी तरह नाराज

लोगों ने विद्युत सदन के आगे का गेट जाम कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का

आरोप है कि बिजली कर्मचारियों के अपने घरों में तो लाइट है, लेकिन शहर को अंधेरे में

रखा जा रहा है।

इस दौरान विद्युत सदन के बाहर प्रदर्शनकारियों और बिजली कर्मियों के बीच तीखी

बहस भी देखने को मिली। बिजली कर्मियों ने आरोप लगाया कि धरना दे रहे लोग भाजपा से जुड़े

हैं और पैसे लेकर आए हैं, जिस पर जनता ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि वे आम नागरिक

हैं जो बिजली न होने से परेशान हैं। लोगों ने दोटूक कहा कि कर्मचारियों को अपनी मांगें

मनवाने के लिए सरकार से लड़ना चाहिए, न कि आम जनता को परेशान करना चाहिए। मौके पर पुलिस

बल पहुंच चुका है, लेकिन प्रदर्शनकारी बिजली बहाल होने से पहले वहां से उठने को तैयार

नहीं हैं।

शहर के तकनीकी हालातों की बात करें तो सेक्टर-13, सेक्टर 16-17, विद्युत नगर,

मॉडल टाउन, सेक्टर 9-11, टाउन एंक्लेव और अर्बन एस्टेट में बीती रात से सप्लाई पूरी

तरह ठप रही। यह समस्या तब और बढ़ गई जब अर्बन एस्टेट के 11 केवी फीडर में ब्रेकडाउन

के बाद विद्युत नगर 33 केवी सबस्टेशन से सप्लाई शुरू करने का प्रयास किया गया, लेकिन

वहां ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इसी तकनीकी खराबी के चलते 11 केवी लाइनें बंद हो गईं

और शहर के एक बड़े हिस्से में अंधेरा छा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story