शताब्दी ट्रेन से चंडीगढ़ पहुंचे मनोहर लाल
चंडीगढ़, 15 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र माोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब केंद्र और राज्यों के नेताओं में भी साफ दिखाई देने लगा है। केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शुक्रवार को शताब्दी ट्रेन के जरिए चंडीगढ़ पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि जब भी दिल्ली से बाहर जाने का मौका होगा, वे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ही इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान को केवल भाषण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ईंधन बचत में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का बहुत बड़ा पैसा ईंधन के रूप में विदेशों में जाता है। इसे बचाना देशहित का बड़ा काम है और इसमें सभी के सहयोग की जरूरत है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनके मंत्रालय में भी ऐसी योजना तैयार की जा रही है, जिसके तहत विभागीय गाडिय़ों का कम इस्तेमाल करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर भी फिजूल ईंधन खपत कम करने के प्रयास जरूरी हैं। मनोहर लाल ने हल्के अंदाज में कहा, ‘मुझे तो पैदल चलने में भी कोई दिक्कत नहीं है।’ हालांकि उन्होंने माना कि कुछ सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते जरूरी गाडिय़ों का इस्तेमाल करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री ने भी अपने काफिलों में गाडिय़ों की संख्या कम की है, जो एक सकारात्मक पहल है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में ईवी मैन्युफैक्चरिंग कम है, लेकिन इसे तेजी से बढ़ाया जा रहा है। साथ ही देशभर में चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईवी चार्जिंग के लिए बिजली की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। देश में लगातार विद्युत उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल गाडिय़ां अपने आप कम होती जाएंगी। हरियाणा निकाय चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर लाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में बीजेपी लगातार निकाय चुनावों में मजबूत हुई है और केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

