हिसार : अधिकारियों की लापरवाही से काफी समय से लोगों के घरों में पहुंचता रहा सीवरेज मिला पेयजल

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : अधिकारियों की लापरवाही से काफी समय से लोगों के घरों में पहुंचता रहा सीवरेज मिला पेयजल


सरकार से जिम्मेदारी तय करने की मांग उठी, अखिल

भारतीय ग्राहक पंचायत ने उठाई आवाज

हिसार, 31 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय ग्राहक

पंचायत हिसार के अध्यक्ष सुमित सैनी ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी)

के कुछ अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि वे एसी कमरों में बैठकर बिना मौके का निरीक्षण

किए झूठी एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) लगाकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। ऐसी कार्यप्रणाली

न केवल शिकायत निवारण व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि सरकारी धन और आम जनता

के स्वास्थ्य दोनों के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

सुमित सैनी ने शुक्रवार काे बताया कि शीतला माता चौक, मोहल्ला

सैनियान, वार्ड नंबर 4 की समस्या लगभग दो वर्ष पूर्व विभागीय अधिकारियों के संज्ञान

में लाई गई थी। अधिकारियों की घोर लापरवाही और उदासीनता के कारण समय रहते समस्या का

समाधान नहीं किया गया। परिणामस्वरूप पहले उसी स्थान पर आरसीसी सड़क का निर्माण कर दिया

गया और अब उसी सड़क को तोड़कर दोबारा बनाया जा रहा है, जिससे सरकारी धन की अनावश्यक बर्बादी

हो रही है। गंभीर विषय यह है कि लंबे समय तक क्षेत्र के लोगों के घरों में पेयजल के

साथ सीवरेज का मिला हुआ दूषित पानी पहुंचता रहा। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक

लापरवाही नहीं बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ गंभीर खिलवाड़ है। यदि

समय रहते शिकायतों का सही ढंग से मौके पर सत्यापन कर समाधान किया जाता तो लोगों को

इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर की गई शिकायत संख्या

1096938 अभी भी लंबित है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मांग करती है

कि इस शिकायत की निष्पक्ष एवं स्थल पर जांच कराई जाए, पूर्व में लगाए गए भ्रामक अथवा

झूठे एटीआर की भी जांच हो तथा जिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकारी धन की बर्बादी

हुई और नागरिकों को दूषित पेयजल पीने के लिए मजबूर होना पड़ा, उनकी व्यक्तिगत जवाबदेही

तय कर उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने स्पष्ट

किया कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जनहित में लोकतांत्रिक

तरीके से आगे की कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story