कैथल: 25 वर्षों की सेवा और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित होगा सेवा संकल्प अभियान: कृषण कुमार बेदी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: 25 वर्षों की सेवा और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित होगा सेवा संकल्प अभियान: कृषण कुमार बेदी


कैथल, 15 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ की भावना से विभिन्न सामाजिक, जनकल्याणकारी और सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मंगलवार को कपिल कमल कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में बाेल रहे थे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बेदी ने कहा कि सात अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद पिछले 25 वर्षों में उन्होंने निरंतर सार्वजनिक जीवन में रहते हुए देश और समाज की सेवा की है। गुजरात के विकास मॉडल से लेकर विकसित भारत के संकल्प तक उन्होंने सुशासन, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम सात बजे बूथ स्तर पर तथा विशेष रूप से विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीया जलाया जाएगा। इसके साथ ही जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

बेदी ने बताया कि मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा गतिविधि के तहत स्कूलों में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, कल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक बदलावों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इसी प्रकार सेवा की कहानियां के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों की सफलता की कहानियां तैयार की जाएंगी। सेवा ज्योति कलश यात्रा जिले के सभी खंडों से निकाली जाएगी और एक स्थान पर पहुंचने के बाद जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सेवा मेरा योगदान के तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान सहित अन्य सेवा गतिविधियां होंगी। वहीं सेवा सेतु के तहत सभी खंडों में शिविर लगाकर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दाे अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा अभियान के तहत अन्य सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story