17 सितंबर से 17 अक्टूबर हरियाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’, सरकार पहुंचेगी लाभार्थियों के द्वार
-योजनाओं का लाभ दिलाने से लेकर जनसेवा तक 25 गतिविधियों पर जोर, ब्लॉक से विधानसभा स्तर तक लगेंगे शिविर
चंडीगढ़, 03 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की समर्पित जनसेवा और परिवर्तनकारी सुशासन को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। एक माह तक चलने वाले इस व्यापक अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने, पात्र नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को समन्वित, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। अभियान का प्रमुख आकर्षण ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ होगा। इसके तहत प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ लेने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा सेतु केंद्र’ स्थापित करने की योजना है, जहां आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से लेकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तक सहयोग दिया जाएगा।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अधिकारियों को खंडवार कार्यक्रम तैयार करने, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने तथा लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लाभार्थी डेटाबेस तैयार रखने के निर्देश दिए। अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी देश के विकास, उपलब्धियों और बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाएंगे।
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को अपने घर, पड़ोस, गांव, स्कूल, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके तहत रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रमों का दौरा, वंचित बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियों और दिव्यांगजनों की सहायता समेत 25 सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सेवा कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं और विकास की कहानियों को नुक्कड़ नाटकों के जरिये आमजन तक पहुंचाया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, माताओं, पोषण, स्वास्थ्य और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता गतिविधियां होंगी।
महीनेभर चलने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ संपन्न होगा। इसमें करीब 1.25 लाख निर्वाचित प्रतिनिधियों के भाग लेने की योजना है। इनमें ग्राम सरपंच, नगर निकायों के प्रतिनिधि तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों के सामूहिक गायन का भी प्रस्ताव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

