हरियाणा की जेलों में भी चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’:अरविंद शर्मा

WhatsApp Channel Join Now

-17 अक्टूबर तक जेलों में चलेगा पौधरोपण,रक्तदान,योग व शिक्षा गतिविधियां

-जेलों में पढ़ाई कर रहे युवा बंदियों से विचार व सुझाव भी लिए जाएंगे

चंडीगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश की जेलों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान जेलों में पौधरोपण, रक्तदान शिविर, योग, स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा और सुधार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में अधिक से अधिक बंदियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाने पर जोर दिया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इसी संदेश को जेलों तक पहुंचाया जाएगा।

कारागार मंत्री ने प्रदेश के सभी जेल अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए जेलवार कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रत्येक जेल में अलग-अलग गतिविधियों की रूपरेखा पहले से तैयार की जाए, ताकि पूरे एक माह के दौरान निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। अभियान को किसी एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए जेलों में उपलब्ध सुविधाओं और बंदियों की भागीदारी को ध्यान में रखकर गतिविधियों का स्वरूप तय किया जाए। अभियान के दौरान जेलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे युवा बंदियों के साथ विशेष संवाद भी किया जाएगा। इस दौरान सेवा, शिक्षा, भविष्य, कौशल और समाज की मुख्यधारा में वापसी जैसे विषयों पर उनके विचार साझा किए जाएंगे और उन्हें अपनी बात एवं सुझाव रखने का अवसर दिया जाएगा। कारागार मंत्री ने अधिकारियों को ऐसे बंदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश की जेलों में आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के साथ इग्नू, मुक्त विद्यालयी शिक्षा और साक्षरता से संबंधित कार्यक्रम भी चल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story