पानीपत: सेवा ऐसी हो कि उसका लाभ आखिरी पंक्ति में खड़े हर गरीब तक पहुंचे: मनोहर लाल
पानीपत, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत में दशहरा कमेटी सनौली रोड एवं सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सैक्टर 25 स्थित श्री रघुनाथ धाम में केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने लैब एवं डायग्नोस्टिक सैंटर का उद्घाटन किया गया। जहां रियायती दरों पर जरूरतमंदों मरीजों के विभिन्न प्रकार के टेस्ट होंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार काे कहा कि दशहरा कमेटी सनौली रोड की सेवाओं में आज एक नया प्रकल्प क्लीनिक लैब एवं डायग्नोस्टिक सैंटर का जोड़ा गया है जिससे क्षेत्र के गरीब लोगों की भरपूर मदद हो सकेगी। उन्होंने कहा जहां वर्तमान में निजी हस्पतालों में इलाज महंगा होता जा रहा है यहां कम से कम लैब टैस्ट में नाममात्र फीस पर जरूरतमंद लोगों के लिए राहत की बात होगी। उन्होंने कहा कि आज के समय की मांग है सेवा ऐसी हो कि आप जो भी दे सकते हैं उसका दायरा बढ़ाते हुए उसे आखिरी पंक्ति में खड़े गरीब तक ले जायें जिससे हमारा मानव जीवन सफल उन्होंने बताया कि दशहरा कमेटी की तरह मानव कल्याण करने वाली संस्थाएं हर शहर में होनी चाहिए ताकि दूसरों को भी प्रेरणा मिल सके।
सरबत दा भला के एस.पी. सिंह ओबराय ने कहा कि उनके जीवन का उद्देश्य है कि इलाज से कोई वंचित न रहे। अपनी कमाई का 98 प्रतिशत दान करने वाले एसपी सिंह ने कहा कि उनके द्वारा अभी तक लगभग 350 डायग्नोस्टिक सैंटर खोले जा चुके हैं जहां लाखों लोग उचित दर पर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठा रहे हैं।
दशहरा कमेटी के प्रधान रमेश माटा ने कहा कि दशहरा कमेटी सनौली रोड का प्रयास रहा है कि दशहरा पर्व मनाने से शुरू हुई संस्था को मानव कल्याण के कार्यों से जोड़ते हुए इसे और सामाजिक संदर्भों में सार्थक किया जाए। संस्था के सभी सदस्य तन मन धन से इस नए प्रकल्प क्लीनिक लैब एवं डायग्नोस्टिक सैंटर से जुड़े हैं जिससे न केवल क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा बल्कि स्वास्थ्य पर होने वाले भारी भरकम लैब टैस्ट के खर्चों से राहत मिलेगी। सरबत दा भला पानीपत के अध्यक्ष हरविन्द्र सिंह ने बताया कि खून व पेशाब की जांच दरें बहुत कम है जैसे कि एच बी टैस्ट 10 रूपये, टायफाईड टैस्ट 50 रूपये, यूरिन टैस्ट 20 रूपये, ईसीजी 20 रूपये, सीबीसी 50 रूपये हैं। इसके अतिरिक्त और भी टैस्ट बहुत ही कम दरों पर उपलब्ध हैं। इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, उपायुक्त विरेन्द्र दहिया, अर्चना गुप्ता, चन्दन विज, गजेन्द्र सलूजा, राहुल विज, विरेन्द्र सोनी, दुष्यंत भट्ट, मनोज मक्कड़, हरपाल ढांडा, विभू पालीवाल, नवीन भाटिया, आदि मौजूद रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

