हिसार : बुजुर्ग किसान से धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अदालत ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर
भेजा
हिसार, 29 मई (हि.स.)। जिला पुलिस की आर्थिक
अपराध शाखा को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच अधिकारी उप निरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व
में पुलिस टीम ने धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी न्योली कलां निवासी सुरेंद्र कुमार को गिरफ्तार
कर लिया है।
जांच अधिकारी ने शुक्रवार काे बताया कि इस संबंध में स्याहड़वा निवासी
75 वर्षीय किसान अर्जन ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार वह एक अनपढ़ सीनियर
सिटिजन हैं और उसकी आंखों की रोशनी भी बहुत कमजोर है। आरोपी सुरेंद्र शर्मा ने पीड़ित
की लाचारी और अनपढ़ता का फायदा उठाते हुए उनके साथ एक गंभीर धोखाधड़ी कर डाली।
शिकायत
के अनुसार आरोपी ने जूस व अन्य पेय पदार्थ का प्लांट माइस्यूर लाइफ साइंस प्रा. लि.
मॉडल टाउन हिसार लगाने के बहाने पीड़ित से 15 वर्ष के लिए जमीन लीज पर देने का आग्रह
किया था लेकिन धोखे से, बिना सहमति के और बिना पढ़कर सुनाए, 15 वर्ष के बजाय 30 वर्ष
का पट्टा नामा तैयार करवाकर बुजुर्ग का अंगूठा लगवा लिया।
आरोपी ने उक्त लीज डीड के
आधार पर पीड़ित की कुल 10 कनाल 11 मरले कृषि भूमि को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सेक्टर
14 हिसार शाखा में बिना उनकी सहमति और जानकारी के गिरवी रख दिया और कंपनी के जरिए लोन
उठाकर निजी फायदा कमाया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी सुरेंद्र कुमार अदालत में
पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों व दस्तावेजों
की बरामदगी के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
आर्थिक अपराध शाखा के जांच अधिकारी ने बताया
कि इस मामले में शामिल अन्य सह-आरोपियों और फर्जी गवाहों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम
द्वारा आगामी कानूनी कार्रवाई और छापेमारी लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि बुजुर्गों
के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

