नूंह में कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर किया प्रदर्शन


नूंह, 08 अक्टूबर (हि.स.)। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। इसी कड़ी में नूंह जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया।

प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर विशेष रूप से शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुराने बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से होडल चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान, पीसीसी सदस्य महताब अहमद, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव हाजी इब्राहिम इंजीनियर बिसरू, अंजुम पूर्व पार्षद, इरशाद अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि पिछले करीब ढाई वर्षों के दौरान एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर 13 से 14 करोड़ मतदाताओं के वोट काटे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के समर्थन में नहीं रहने वाले मतदाताओं को कथित रूप से चुनाव आयोग से मिलीभगत कर चिन्हित किया जा रहा है और उनके वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। अब मीडिया ने भी इस मामले को सामने लाने का काम किया है। राहुल गांधी द्वारा जंतर-मंतर और संसद पर प्रदर्शन कर चुनाव आयोग का घेराव किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, लेकिन इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल उनके साथ खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने की है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक भारतीय को मताधिकार का अधिकार दिया है। यदि नागरिकों का वोट देने का अधिकार ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो देश का सामाजिक ताना-बाना कैसे मजबूत रहेगा। उन्होंने कहा कि मेवात के लोग हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story