हिसार : भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रवाद की भावना को सुदृढ़ कर रहा पंचनद शोध संस्थान : प्रो. बीके कुठियाला
पंचनद शोध संस्थान की स्व का बौध, भारत केन्द्रित
शोध, पंच परिवर्तन विषय पर संगोष्ठी आयोजित
हिसार, 04 अप्रैल (हि.स.)। पंचनद शोध संस्थान
अध्ययन केन्द्र हिसार की ओर से संगोष्ठी आयोजित की गई। प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय
अध्यक्ष प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने संगोष्ठी की अध्यक्षता की। गोष्ठी में राज्य सुचना
आयुक्त हरियाणा एवं पंचनद शोध संस्थान हिसार के अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह भी उपस्थित
रहे।
प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने शनिवार काे अपने संबोधन में
कहा कि पंचनद शोध संस्थान भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रवाद की भावना को सुदृढ़
करने का कार्य कर रहा है। वैश्वीकरण के इस दौर में हमारी परंपराएं और मूल्य अनेक चुनौतियों
का सामना कर रहे हैं, तब संस्थान की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। हमारा
देश केवल भौगोलिक सीमाओं का नाम नहीं है, बल्कि यह एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ज्ञान,
परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। पंचनद शोध संस्थान इसी विरासत को संरक्षित
करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके
बौद्धिक वर्ग पर निर्भर करती है। यदि समाज में विचारशीलता, जागरूकता और सही दिशा का
अभाव हो, तो विकास अधूरा रह जाता है। यह संस्थान युवाओं में विचार करने, प्रश्न उठाने
और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। हम अपने इतिहास को समझें
और अपने मूल्यों को अपनाएं। जब हम अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक होंगे, तभी हम एक
सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर पाएंगे। पंचनद शोध संस्थान समाज में सकारात्मक
परिवर्तन लाने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचनद एक
वैचारिक अधिष्ठान है जो सम-सामयिक विषयों एवं शोध से संबंधित कार्यों को गति देने के
लिए संगोष्ठी आयोजित करता है।
प्रो. जगबीर सिंह ने पंचनद शोध संस्थान द्वारा
समाज एवं राष्ट्र के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने संस्थान द्वारा आयोजित की गई संगोष्ठियों एवं कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा
करने के साथ-साथ भविष्य की कार्य योजना तथा शोध के विषय भी निर्धारित किए। संगोष्ठी
में महिला आयाम की प्रमुख प्रो. मुदिता वर्मा, मार्गदर्शक ज्ञानचंद बंसल, डॉ. रविन्द्र
सैनी, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, मीडिया सलाहकार डॉ. संदीप आर्य, सचिव डॉ. मोहित कुमार,
प्राचार्य डॉ. विवेक सैनी, एफसी कॉलेज की प्राचार्या अनीता सहरावत सहित संस्थान के
अनेक पदाधिकारी व श्रोतागण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

