हिसार की बेटी रितु ने ऑक्सफोर्ड से बैंकॉक तक बनाई पहचान

WhatsApp Channel Join Now
हिसार की बेटी रितु ने ऑक्सफोर्ड से बैंकॉक तक बनाई पहचान


संस्कृत और भारतीय ज्ञान परंपरा का बढ़ाया मान

हिसार, 02 नवंबर (हि.स.)। प्रतिभा और मेहनत के दम पर हिसार की एक बेटी ने अंतरराष्ट्रीय

शैक्षणिक जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। शहर के पीएलए क्षेत्र की रहने वाली रितु

ने अपनी शोध प्रतिभा के बल पर दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर जगह बनाकर

हिसार का नाम रोशन किया है। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के संस्कृत विभाग में शोध कर

रही रितु के शोध पत्रों का चयन ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और थाइलैंड की राजधानी

बैंकॉक में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि को संस्कृत

भाषा, प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक प्रबंधन के बीच एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक

सेतु के रूप में देखा जा रहा है।

रितु ने एक अक्टूबर 2026 को बैंकॉक में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ऑनलाइन

माध्यम से अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस शोध में उन्होंने प्राचीन भारतीय ग्रंथों

में वर्णित दंड और दंडनीति की अवधारणाओं को केंद्र में रखते हुए मनुस्मृति, शुक्रनीति

और कौटिल्य के अर्थशास्त्र का तुलनात्मक अध्ययन किया। इसके माध्यम से उन्होंने भारतीय

ज्ञान परंपरा में शासन, अनुशासन और नीतिगत व्यवस्था से जुड़े सिद्धांतों को शोध के

माध्यम से प्रस्तुत किया। इससे पहले जून 2026 में भी रितु के शोध पत्र का ब्रिटेन की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड

यूनिवर्सिटी में चयन हुआ था। उनका यह शोध कौटिल्य के अर्थशास्त्र में वर्णित प्रबंधन

सिद्धांतों और आधुनिक कॉरपोरेट गवर्नेंस में उनकी प्रासंगिकता पर आधारित है। इसमें

प्राचीन भारतीय प्रबंधन दृष्टिकोण और वर्तमान कारोबारी एवं संस्थागत व्यवस्था के बीच

संबंधों का अध्ययन किया गया है।

प्राचीन भारतीय ज्ञान को आधुनिक संदर्भों से जोड़ रही हैं रितु

रितु के शोध की खास बात यह है कि उन्होंने संस्कृत के प्राचीन ग्रंथों को केवल

ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टिकोण तक सीमित न रखते हुए उनमें मौजूद नीतिगत, प्रशासनिक

और प्रबंधन संबंधी विचारों को आधुनिक संदर्भों में समझने का प्रयास किया है। अंतरराष्ट्रीय

मंचों पर उनके शोध पत्रों का चयन भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृत साहित्य की वैश्विक

अकादमिक उपयोगिता को भी सामने लाता है। रितु की इस दोहरी उपलब्धि से पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के संस्कृत विभाग में

खुशी का माहौल है। विभाग की चेयरपर्सन डॉ. सुनीता शर्मा और अन्य शिक्षकों ने उन्हें

बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर संस्कृत भाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा

का प्रतिनिधित्व करना पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। रितु के पिता ज्ञानीराम और माता गीता रानी बेटी की इस उपलब्धि से बेहद उत्साहित

हैं। परिवार में खुशी का माहौल है। रितु ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शोध निर्देशक,

माता-पिता और पंजाब यूनिवर्सिटी के संस्कृत विभाग से मिले मार्गदर्शन एवं सहयोग को

दिया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि हिसार को भी गौरवान्वित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story