हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की छात्रा का यूफ्लेक्स में हुआ चयन
हिसार, 13 दिसंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से यूफ्लेक्स के ई-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव
में विश्वविद्यालय की एक छात्रा का चयन हुआ है। चयनित छात्रा खुशी सिंह को बधाई देते
हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस उपलब्धि पर बहुत गर्व जताया। उन्होंने कहा
कि विश्वविद्यालय का इंडस्ट्री-फोकस्ड करिकुलम और स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर
वर्तमान समय के प्रतिस्पर्धी पेशेवर माहौल में बेहतर करने के लिए आवश्यक कौशल दक्षता
के साथ विद्यार्थियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यूफ्लेक्स
जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में लगातार प्लेसमेंट गुजविप्रौवि के बढ़ते शैक्षणिक एवं पेशेवर
प्रतिष्ठता को दर्शाता है। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने भी चयनित छात्रा को बधाई दी और
उसके समर्पण एवं कड़ी मेहनत की सराहना की।
प्लेसमेंट प्रक्रिया के भाग के रूप में, अंशुल शर्मा, डीजीएम-एचआर (कॉपोर्रेट)
ने विद्यार्थियों को कंपनी की कार्य संस्कृति, मुख्य संचालन व संगठनात्मक पारिस्थितिकी
तंत्र से परिचित कराने के लिए एक जानकारीपूर्ण प्री-प्लेसमेंट चर्चा का आयोजन किया।
अपने प्री-प्लेसमेंट चर्चा में, उन्होंने सांझा किया कि यूफ्लेक्स फ्लेक्सिबल पैकेजिंग
में भारत की सबसे बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनी है और एक वैश्विक पॉलिमर विज्ञान निगम है,
जिसका कारोबार 1.75 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है और 12 हजार से अधिक कर्मचारियों
का कार्यबल है। नोएडा स्थित मुख्यालय वाली यह कंपनी भारत में उन्नत विनिर्माण सुविधाओं
और संयुक्त अरब अमीरात, मैक्सिको, मिस्र, अमेरिका, पोलैंड, रूस, हंगरी और नाइजर में
वैश्विक फिल्म संयंत्रों के साथ संपूर्ण पैकेजिंग मूल्य श्रृंखला में काम करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

