यमुनानगर:शुगर मिल में सुरक्षा कर्मियों पर हमला, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 08 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर स्थित सरस्वती शुगर मिल परिसर में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात हुई इस घटना में तीन गार्ड घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब कुछ युवक मिल के मार्शल यार्ड में घुसकर नशा करने का प्रयास कर रहे थे।

ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोककर बाहर जाने के लिए कहा, जिस पर युवकों ने पहले विवाद किया और बाद में मौके से चले गए। बताया गया है कि कुछ देर बाद वही युवक दोबारा लौटे और घात लगाकर सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर दिया। उनके हाथों में लोहे की रॉड और डंडे थे, जिनसे उन्होंने गार्डों पर वार किए। हमले में सहायक सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य कर्मियों को चोटें आईं हैं।

घटना के दौरान शोर सुनकर अन्य कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल कर्मियों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story