नूंह में ईद से पहले मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में ईद से पहले मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बल तैनात


नूंह में ईद से पहले मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बल तैनात


नूंह, 27 मई (हि.स.)। नूंह जिले में ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। त्योहार के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ गतिविधि या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर बुधवार को जिलेभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गौकशी, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या वीडियो शेयर करने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले की 320 से अधिक मस्जिदों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स और प्लाटून की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व कंपनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

ईद के मद्देनजर करीब 650 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सीआईए और अन्य विशेष यूनिटों की टीमें सिविल ड्रेस में लगातार गश्त और निगरानी कर रही हैं। साथ ही साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को भी पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति भड़काऊ पोस्ट या वीडियो शेयर करता पाया गया तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने 28 मई को विशेष रूप से संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी है। वहीं 30 मई तक विशेष ड्यूटी जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा मथुरा, अलवर, खैरथल-तिजारा और गुरुग्राम पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है। इंटरस्टेट नाकों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story