हिसार : मंडियों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें, एसई व्यक्तिगत रूप से करें निगरानी : विक्रम सिंह
हिसार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन)
में मंडी सीजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधन ने फील्ड
अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार
सभी एसई को व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि प्रत्येक मंडी में
24x7 निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे।
प्रबंध निदेशक ने गुरुवार काे निर्देश दिए हैं कि हर मंडी में संबंधित एसडीओ स्वयं मौके
पर जाकर बिजली आपूर्ति व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण करें। एसडीओ मंडी सचिव से सीधे बातचीत
कर बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या, संभावित फॉल्ट अथवा तकनीकी कमी की जानकारी
प्राप्त करेंगे और उसके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी फॉल्ट अथवा बिजली आपूर्ति में व्यवधान
सामने आता है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए। किसी समस्या के लंबित रहने अथवा शिकायत
मिलने का इंतजार करने के बजाय फील्ड अधिकारी सक्रिय रूप से स्थिति की निगरानी करेंगे
और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित टीमों को तुरंत मौके पर भेजेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार
मंडियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों
को मंडियों में जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने तथा मंडी सचिवों के साथ प्रभावी
समन्वय स्थापित कर बिजली से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने
के निर्देश दिए गए हैं।प्रबंध निदेशक ने सभी एसई को मंडियों की बिजली आपूर्ति पर व्यक्तिगत
और निरंतर निगरानी रखने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया है कि मंडी क्षेत्रों में
बिजली व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित
अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी तकनीकी खराबी
की स्थिति में आवश्यक टीमें और संसाधन तत्काल उपलब्ध हों।
डीएचबीवीएन प्रबंधन का स्पष्ट फोकस है कि मंडी सीजन के दौरान किसानों, आढ़तियों,
मंडी कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों को निर्बाध एवं भरोसेमंद बिजली आपूर्ति उपलब्ध
हो। इसके लिए फील्ड स्तर से लेकर एसई स्तर तक जवाबदेही तय करते हुए मंडियों की बिजली
व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

