नूंह:विद्यार्थियों ने सीखी पानी की शुद्धता जांचने की तकनीक

WhatsApp Channel Join Now
नूंह:विद्यार्थियों ने सीखी पानी की शुद्धता जांचने की तकनीक


नूंह, 04 नवंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फिरोजपुर नमक के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने पानी की गुणवत्ता और शुद्धता जांचने की विभिन्न वैज्ञानिक तकनीकों को समझा तथा प्रयोगशाला में पानी के परीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंडल नंबर-1 कार्यालय परिसर स्थित जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला में तैनात सहायक इरफान ने विद्यार्थियों को पानी की गुणवत्ता जांचने के विभिन्न तरीकों से अवगत करवाया। उन्होंने पीएच, टीडीएस, कठोरता, क्लोराइड, फ्लोराइड, नाइट्रेट सहित पानी में मौजूद विभिन्न रासायनिक तत्वों की जांच प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला में निर्धारित मानकों के अनुसार पानी का परीक्षण किया जाता है, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके।

इस अवसर पर उपमंडल अभियंता अजय कांगड़ा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है। इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल और जल गुणवत्ता के प्रति वैज्ञानिक सोच विकसित होती है।

जिला सलाहकार नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि जल जीवन का आधार है और प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल के महत्व तथा उसकी गुणवत्ता के निर्धारित मानकों की जानकारी होनी चाहिए। विद्यार्थियों को प्रयोगशाला में पानी की जांच की प्रक्रिया से रूबरू करवाने का उद्देश्य उन्हें जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करना है। इस मौके पर कनिष्ठ अभियंता शकील अहमद, मोहम्मद अबरार, बीआरसी मोहम्मद जैकम तथा लैब सहयोगी वाहिद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story