भाजपा सरकार में हर रोज घोटाले आ रहे है सामने, राम मंदिर में चोरी नहीं डाकाः पूर्व सीएम हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार में हर रोज घोटाले आ रहे है सामने, राम मंदिर में चोरी नहीं डाकाः पूर्व सीएम हुड्डा


पूर्व सीएम बोले, कांग्रेस शासन काल में प्रदेश पर था 70 हजार करोड़ का कर्जा

12 साल में भाजपा ने बना दिया साढे पांच लाख करोड़ रुपये

रोहतक, 06 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि भाजपा शासन काल में हर रोज नए-नए घोटाले सामने आ रहे है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चोरी नहीं, बल्कि डाका डाला गया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चोरी मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में होनी चाहिए, ताकि कोई दोषी बच ना पाए और कोई निर्दाेष फंस ना जाए। इस मामले में जिस तरह एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं, उनसे करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हो रही हैं।

सभी की मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द और सख्त-से-सख्त सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल में प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा गया था, 12 साल के दौरान भाजपा ने साढे़ पांच लाख करोड़ कर दिया। सोमवार को पूर्व सीएम अपने डीपार्क स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में फीस बढ़ोत्तरी, भर्ती के नाम पर पेपर लीक, विकास के नाम पर घोटाले, जांच के नाम पर लीपा-पोती और अर्थव्यवस्था के नाम पर कर्ज बढ़ोत्तरी कर रही है। इसी कड़ी में सरकार ने एक बार फिर विद्यार्थियों पर फीस बढ़ोत्तरी बम फोड़ा है।

एक बार फिर सरकार ने डॉक्टर-नर्स-फार्मासिस्ट बनने का सपना देखने वाले युवाओं को लूटने का फरमान जारी किया है। सरकार ने एक अगस्त से रोहतक स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय ने मेडिकल और पैरामेडिकल कोर्सिज के फीस में 400ः तक की भारी बढ़ोतरी कर डाली है। इतना ही नहीं लेट फीस से लेकर जुर्माने तक की रकम में भारी बढ़ोत्तरी करके सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वो शिक्षा तंत्र को लूटतंत्र बनाना चाहती है। बीजेपी इस फैसले को वापिस ले। उन्होंने एचटेट में हुई धांधलियों का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें गलत ओएमआर शीट बांटने, गलत प्रश्नपत्र दिए जाने से लेकर बिना सील का पेपर बांटने तक की शिकायत के सामने आई हैं। ऐसा लगता है कि बीजेपी सरकार पेपर नहीं करवा रही, बल्कि अभ्यर्थियों के साथ भद्दा मजाक कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story