जींद : भगगवान शिव के जलाभिषेक को लेकर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जींद, 11 अगस्त (हि.स.)। जिलेभर में मंगलवार को सावन माह का शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के ऐतिहासिक जयंती देवी मंदिर, प्राचीन भूतेश्वर मंदिर, नव दुर्गा मंदिर,भूतेश्वर नाथ मंदिर, हरि कैलाश मंदिर, बनखंड महादेव मंदिर, ठिठारी महादेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भगवान आशुतोष शंकर को जलाभिषेक किया।
जलाभिषेक के लिए सुबह से ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थी। बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहे। जलाभिषेक का क्रम पूरा दिन जारी रहा। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रही। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध व गंगा जल, पंचमेवा भगवान को समर्पित किया और मंगल कामना की। दोपहर तक मंदिर में पहुंचने वालों का तांता लगा रहा। जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न आए, इसे लेकर मंदिर प्रबंधन कमेटियों ने वालेंटियरों की डयूटियां लगाई हुईं थीं।
जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने कहा कि शिवभक्त फाल्गुन माह की शिव रात्रि के बाद सावन माह की शिवरात्रि का विशेष तौर पर इंतजार करते हैं, क्योंकि भगवान शिव को प्रिय सावन की शिवरात्रि की महिमा अलग होती है। सावन माह की शिवरात्रि का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि इसदिन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना पुण्य कारक माना गया है। मंदिर में शिवलिंग के रूद्राभिषेक के दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल गूंजायमान हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

