हिसार : महात्मा महेन्द्र सिंह आर्य को मरणोपरांत दिया सावित्रीबाई फुले अवार्ड
हिसार, 03 जनवरी (हि.स.)। कन्या गुरुकुल डोभी के संस्थापक महात्मा महेन्द्र
सिंह आर्य को मरणोपरांत भारत गौरव पुरस्कार सावित्रीबाई फुले अवार्ड दिया गया है। यह
अवार्ड उनकी पत्नी माता भुला देवी ने ग्रहण किया। अवार्ड देने का यह कार्यक्रम मेरा
युवा भारत केन्द्र हिसार एवं आजाद हिन्द युवा क्लब गांव किरतान के सहयोग से डोभी के
सनराइज हाई स्कूल प्रांगण में किया गया।
आजाद हिन्द युवा क्लब के प्रधान कपूर सिंह आर्य ने शनिवार काे बताया कि शिक्षा के क्षेत्र
में महात्मा महेन्द्र सिंह आर्य ने उल्लेखनीय योगदान दिया। इस पर उन्हें यह सम्मान
दिया जा रहा है। माता सावित्रीबाई फुले ने स्त्री शिक्षा की पहल की। महिलाओं के लिए
पहला स्कूल खोला। इसके लिए उन्हें सामाजिक कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा लेकिन वे
अपने लक्ष्य को लेकर दृढ़ संकल्पित थी और उन्होंने इन कठिनाइयों को पार कर अपने लक्ष्य
को पूरा किया।
स्त्री शिक्षा की देन उन्हीं की थी। आज सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाई
जा रही है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हर व्यक्ति आगे बढ़े और अपने जीवन को सफल करे
क्योंकि समाज के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनकी स्मृति में यह
पुरस्कार हर साल आजाद हिंद युवा क्लब गांव किरतान की ओर से प्रदान किया जाता है। इस मौके पर बहादुर सिंह स्वामी, स्कूल डायरेक्टर सनराइज हाई स्कूल डोभी के
प्राचार्य राजवीर सिंह, सत्यपाल, ओमवीर और नवीन, रमेश कुमार हिंदी अध्यापक, प्रोमिल
आर्य, तमन्ना, रेनू भादू आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

