नूंह में दुकान के बाहर सो रहे दुकानदार की मौत, हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में दुकान के बाहर सो रहे दुकानदार की मौत, हत्या की आशंका


नूंह, 06 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के रावली गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दिल्ली-अलवर रोड स्थित अपनी किराने की दुकान के बाहर टीन शेड के नीचे सो रहे 58 वर्षीय दुकानदार इदरीश कुरेशी का शव घायल अवस्था में मिला। मृतक के शरीर पर चोट के निशान और कान के पास गहरा जख्म मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

मृतक की पहचान रावली गांव निवासी इदरीश कुरेशी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार इदरीश रोजाना दुकान बंद करने के बाद दुकान के बाहर बने टीन शेड के नीचे सोता था। शनिवार रात भी वह रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद वहीं सो गया था। रविवार सुबह परिजन और आसपास के लोग नमाज के लिए उसे जगाने पहुंचे। काफी आवाज देने के बावजूद जब इदरीश ने कोई जवाब नहीं दिया तो परिजनों ने पास जाकर देखा। वह घायल अवस्था में मृत पड़ा था। उसके कान के पास गहरा जख्म और शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। सूचना मिलने पर फिरोजपुर झिरका के डीएसपी हरदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र की जांच करने के साथ-साथ घटना से जुड़ी परिस्थितियों और संभावित कारणों को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इदरीश की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story