राेहतक: सर्वखाप पंचायत ने रोहित हत्याकांड मामले में पुलिस की अधूरी कारवाई पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now

पुलिस अधीक्षक से पीडित परिजनों ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री और डीजीपी के आश्वासन के बाद भी कारवाई नहीं होने पर उठाए सवाल

रोहतक, 08 जून (हि.स.)। सर्वखाप पंचायत ने अंतर्राष्ट्रीय बॉडी बिल्डर रोहित हत्याकांड में पुलिस की अधूरी कारवाई पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को सर्व खाप पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल व रोहित के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और मुख्यमंत्री व डीजीपी के आश्वासन के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कारवाई नहीं करने पर रोष प्रकट किया।

सर्व खाप प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित को बताया कि 27 नवंबर 2025 की रात को भिवानी जिले में रोहित धनखड़ की उस समय निर्मम हत्या कर दी गई थी जब उसने विवाह समारोह में महिलाओं के प्रति की जा रही अभद्र टिप्पणियों और बदसलू की का विरोध किया था। आज भी परिवार और समाज को यह पीड़ा है कि इतने लंबे समय के बाद भी न्याय अधूरा है। परिजनों ने बताया कि इस मामले को लेकर वह कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से भी मिल चुके है, लेकिन जांच के नाम पर कारवाई आगे नहीं बढ़ रही है। पुलिस द्वारा अभी तक इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन अभी भी कुछ आरोपी फरार है। परिजनों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक करने व लंबित कानूनी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इस मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनमें से कुछ विदेश में होने की जानकारी सामने आई है। उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है तथा उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर चंचल नांदल, संदीप धनखड़, सतीश, दीपक धनखड़ , दिलबाग सिंह, चौधरी पाले, जयपाल, चांद, राजेश शर्मा, मुकेश प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story