कैथल: सरपंच की बहाली के जश्न में भिड़े दो पक्ष, सरपंच समेत 16 पर केस

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 24 सितंबर (हि.स.)। गांव क्योड़क में सरपंच जसबीर सिंह के निलंबन के बाद बहाली को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, हमला करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने गुरुवार काे दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कुल 16 लोगों के खिलाफ सदर थाना में केस दर्ज किया है।

सरपंच जसबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब पांच दिन पहले उसे सरपंच पद से निलंबित किया गया था। बाद में उसकी बहाली हो गई। बहाली की खुशी में गांव के खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि जब वह स्टेडियम पहुंचा तो बलदेव, सोनू, मांगा, अश्वनी और रणबीर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। सरपंच ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी ओर गांव निवासी बलदेव ने पुलिस को दी शिकायत में सरपंच जसबीर सिंह समेत 11 लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार 22 सितंबर की शाम सरपंच जसबीर ने गांधी, साथी, जरनैल, सुरेश, गुरप्रीत, अंकित, काका, रुस्तम, कृष्ण और कपिल के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान ईंटें बरसाकर चोटें मारी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। सदर थाना के जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दी गई थी। शिकायतों के आधार पर कुल 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story