सोनीपत: सफाई कर्मचारी समाज की रीढ हैं: कृष्ण कुमार
सोनीपत, 08 अप्रैल (हि.स.)। पीएचसी
मुरथल में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कृष्ण
कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि बुधवार को कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और शहर
व गांव की व्यवस्था को सुचारु रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने
बताया कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार और आयोग की प्राथमिकता है, इसलिए
समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं ताकि बीमारियों की पहचान समय रहते
हो सके और उपचार मिल सके।
उन्होंने
कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें, सफाई के दौरान सुरक्षा
उपकरणों का नियमित उपयोग करें और समय-समय पर आवश्यक जांच करवाते रहें। आयोग कर्मचारियों
के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
हरियाणा
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग पंचकूला द्वारा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग
से जिले के सभी सफाई कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय जिला स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविर
शुरू किया गया।
यह शिविर आठ से 10 अप्रैल तक जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन बड़ी संख्या में
कर्मचारियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई। शिविर सीएचसी जुआं, सीएचसी हलालपुर,
सीएचसी बढ़खालसा, एसडीसीएच गन्नौर, पीएचसी मुरथल, सीएचसी फिरोजपुर बांगर, एसडीसीएच
गोहाना, सीएचसी मुडलाना और सीएचसी भैसवाल कलां में आयोजित किए जा रहे हैं। सभी केंद्रों
पर शिविर चल रहे हैं। जांच के दौरान बीपी, शुगर, काला पीलिया, हीमोग्लोबिन, आंखों की
जांच सहित कई स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए जा रहे हैं।
जिला
विकास एवं पंचायत अधिकारी मनीष मलिक ने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के साथ
समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी कर्मचारी को जांच के दौरान असुविधा न
हो। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री तरूण देवीदास, सीएसआई साहब सिंह, सहायक नीलम,
सहायक संदीप व अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

