हरियाणा में सफाई व फायर कर्मियों ने 18 अगस्त तक बढ़ाई हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now

-आज सांसदों-विधायकों को देंगे मांग पत्र

चंडीगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा में सफाई, सीवर, पालिका और फायर कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। अब प्रदेशभर की सभी पालिका परिषदों, नगर निगमों और फायर विभाग में 18 अगस्त तक कामकाज ठप रहेगा। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि 13 मई के समझौते के अनुसार मांगों के क्रियान्वयन के पत्र जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश के पालिका परिषद और नगर निगम कार्यालयों में हड़ताली कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान स्वतंत्र भारत में स्वदेशी सरकारों द्वारा सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों विषय पर विचार गोष्ठियां हुईं। इनमें सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, किसान, मजदूर, दलित और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।

सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच शनिवार को हुई वार्ता विफल रही। संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने आरोप लगाया कि सरकार बातचीत के नाम पर केवल दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि 13 मई को 17 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद सरकार अब तक उनके पत्र जारी नहीं कर रही है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पालिका रोल पर लगे अनुबंध एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती और सफाई-सीवर कर्मचारियों की पक्की भर्ती शामिल है। फायर विभाग के अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने तथा शहीद कर्मचारी भविष्य चंद्र और रणवीर के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये सहायता, वर्दी भत्ता और जोखिम भत्ता देने की मांग भी उठाई गई है।

संघ ने 17 अगस्त से सांसदों और विधायकों को मांग पत्र व ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। नेताओं ने उनसे 27 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में कर्मचारियों की मांगों को उठाने की अपील की है। साथ ही राजनीतिक दलों और मजदूर-कर्मचारी संगठनों से आंदोलन के समर्थन की अपील की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story