फिटनेस के नाम पर ‘फर्जी’ दावों पर शिकंजा, प्रोटीन पाउडर-एनर्जी ड्रिंक्स के 73 सैंपल भरे

WhatsApp Channel Join Now

-ड्रग-मुक्त हरियाणा के साथ युवाओं की सेहत पर भी सख्ती, 61 प्रतिष्ठानों पर की छापेमारी

चंडीगढ़, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में ड्रग-मुक्त अभियान के साथ अब युवाओं के स्वास्थ्य से जुड़े उत्पाद भी सरकार के रडार पर हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए 61 प्रतिष्ठानों की जांच कर न्यूट्रास्युटिकल्स, प्रोटीन पाउडर और एनर्जी ड्रिंक्स के 73 सैंपल लिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ड्रग-मुक्त हरियाणा’ अभियान को व्यापक रूप देते हुए अब युवाओं के स्वास्थ्य से जुड़े उन उत्पादों की गुणवत्ता पर भी सख्ती बढ़ाई गई है, जिनका उपयोग फिटनेस और ऊर्जा बढ़ाने के नाम पर तेजी से बढ़ रहा है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को उनकी दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में हर महीने मैराथन आयोजित की जा रही हैं।

इसी व्यापक पहल के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन, हरियाणा ने 5 अक्तूबर को प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ विशेष राज्यव्यापी प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान निर्माताओं, वितरकों, खुदरा विक्रेताओं और केमिस्ट आउटलेट्स सहित 61 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। न्यूट्रास्युटिकल्स, प्रोटीन पाउडर और एनर्जी ड्रिंक्स के 73 सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को राज्य खाद्य प्रयोगशालाओं, चंडीगढ़ एवं करनाल तथा एनएबीएल-मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा गया है।

रोहतक में ‘100 प्रतिशत नेचुरल’ दावे की जांच शुरू

अभियान के दौरान रोहतक स्थित मैसर्स द वैरायटी न्यूट्रिशन के परिसर में ‘नेचुरल प्रोटीन पाउडर’ का स्टॉक पाया गया। उत्पाद पर ‘100 प्रतिशत नेचुरल’ का अप्रमाणित दावा किया गया था। इसके अलावा, लेबल पर समाप्ति तिथि, निर्माता का पता और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जैसी अनिवार्य जानकारियां भी अंकित नहीं थीं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त ने कहा कि सरकार के स्पष्ट और सख्त निर्देश हैं कि युवाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी उत्पाद या कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई सैंपल असुरक्षित, अमानक, मिसब्रांडेड या गैर-अनुपालित पाया जाता है, तो संबंधित निर्माता, वितरक या विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story