पलवल के सक्षम शर्मा ने यूपीएससी में 155वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

WhatsApp Channel Join Now
पलवल के सक्षम शर्मा ने यूपीएससी में 155वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान


पलवल, 07 मार्च (हि.स.)। पलवल के हुड्डा सेक्टर-2 निवासी सक्षम शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में ऑल इंडिया 155वीं रैंक हासिल कर आईपीएस पद अपने लिए सुनिश्चित कर लिया है। हालांकि सक्षम का लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाना था। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

यूपीएससी परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद परिवार के लोगों ने सक्षम का मुंह मीठा कराया और लड्डू खिलाकर खुशी मनाई। कई वर्षों से सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने वाले सक्षम शर्मा का यह यूपीएससी में चौथा प्रयास था, जिसमें उन्हें सफलता मिली।

सक्षम शर्मा ने शनिवार काे बताया कि वह पहले भी तीन बार परीक्षा दे चुके थे, लेकिन अलग-अलग चरणों में सफलता नहीं मिल सकी थी। इस बार उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 155 हासिल कर परीक्षा पास की है, जिससे आईपीएस पद मिलना लगभग तय है। उन्होंने कहा कि जो भी रैंक मिली है, उसे वह स्वीकार करते हैं।

सक्षम ने बताया कि वह स्कूल समय से ही पढ़ाई में मेहनती रहे हैं और उनका लक्ष्य शुरू से ही सिविल सेवा में जाना था। उन्होंने नौवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई फरीदाबाद के मॉडर्न डीपीएस स्कूल से की। इसके बाद नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।

सक्षम का कहना है कि जो युवा अपने करियर में आगे बढ़ना चाहते हैं, उन्हें व्यसनों और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए।

सक्षम की सफलता से उनकी माता मीनू गौड़, पिता ऋषि कुमार शर्मा, मामा राजेश शर्मा और नाना एमएल गौड़ सहित पूरा परिवार बेहद खुश है। परिजनों का कहना है कि सक्षम ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लंबे समय तक कड़ी मेहनत की है। परिवार के अनुसार वर्ष 2018 में सक्षम के मामा राहुल गौड़ ने भी यूपीएससी परीक्षा पास कर भारतीय रक्षा लेखा सेवा में जाना स्वीकार किया था और वर्तमान में हैदराबाद में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story