मुख्यमंत्री सैनी ने कुरुक्षेत्र में 120 करोड़ के विश्रामगृह का किया भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सैनी ने कुरुक्षेत्र में 120 करोड़ के विश्रामगृह का किया भूमि पूजन


चंडीगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कुरुक्षेत्र में लगभग 120 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक लोक निर्माण विश्रामगृह का भूमि पूजन किया। साथ ही करीब 3 करोड़ की लागत से खरीदी गई 26 नई फायर ब्रिगेड गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री सैनी ने शनिवार को ब्रह्मसरोवर के पश्चिम तट पर करीब साढ़े छह एकड़ में बनने वाले उक्त आधुनिक विश्राम गृह के शिलान्यास कार्यक्रम में कहा कि कुरुक्षेत्र में बनने वाला यह विश्राम गृह प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक विश्राम गृह होगा। उन्होंने ब्रह्मसरोवर के निकट ही पर्यटक पुलिस थाना भी जल्द ही खोले जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पर्यटक पुलिस थाना का निर्माण 3 एकड़ में किया जाएगा। थाने में 100 पुलिसकर्मी एवं सहायक स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। इन्हें विशेष रूप से व्यवहार कौशल, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा में मर्यादा, मार्गदर्शन और महाभारत की अमर गाथा समाहित है। यहां रखी जाने वाली हर नींव केवल ईंट और सीमेंट की नींव नहीं होती, बल्कि उसमें आस्था, संकल्प और जनसेवा का भाव जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से कुरुक्षेत्र के विकास और प्रदेश की आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके लिए वे कुरुक्षेत्र सहित पूरे हरियाणा के नागरिकों को बधाई देते हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और ऊंची-ऊंची इमारतों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की चुनौतियां भी बदल रही हैं। इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए खरीदे गए नए वाहन छोटे और बहुउपयोगी हैं। उन्होंने बताया कि इन वाहनों में पोर्टेबल पंप, ब्रीदिंग अपरेटस और लाइटिंग टावर जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध होंगे। बड़े हादसों के दौरान ये वाहन मौके पर कमांड एवं कंट्रोल की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर बनने वाला आधुनिक लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह लगभग दो लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत तीन भवनों का निर्माण होगा। इनमें पांच मंजिला मुख्य विश्राम गृह, कर्मचारियों एवं चालकों के लिए अलग विश्राम गृह तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए छह आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। विश्राम गृह में आरामदायक कमरे, सम्मेलन कक्ष, कमेटी रूम, बहुउद्देशीय हॉल, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, वेलनेस सेंटर और रूफटॉप डाइनिंग जैसी सुविधाएं होंगी। इसके बेसमेंट में लगभग 40 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story